
रीवा, हनुमना के मिसिरपुरा स्थित केदारनाथ खाई में एक 16 वर्षीय किशोर के डूब जाने से दर्दनाक मौत हो गई. पांच घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला.
जानकारी के मुताबिक सुबह 10:00 नगर परिषद हनुमना वार्ड क्रमांक 13 के ग्राम भाटी निवासी आदर्श द्विवेदी पिता एड. ज्ञानेंद्र द्विवेदी सहित चार युवक पिकनिक मनाने केदारनाथ की खाई में गए थे और स्नान करते वक्त 16 वर्षीय किशोर आदर्श द्विवेदी का पैर फिसलने से उसकी जल समाधि हो गई. उसके साथ के तीनों किशारों के होश उड़ गए जब वह पानी से कुछ देर इंतजार करने के बाद भी नहीं वापस आया. अशोक कुमार द्विवेदी बताते हैं कि सुबह उनका बच्चा तथा आदर्श एवं दो अन्य मोहल्ले के ही बच्चे पिकनिक मनाने के लिए घर से निकले थे. उनके बच्चे ने तकरीबन 10:00 बजे फोन कर बताया कि पापा आदर्श केदारनाथ की खाई में पानी में डूब गया है नहीं मिल रहा है. पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम पहुंची और 5 घंटे मसक्कत के बाद शव को बाहर निकाला.
