जबलपुर: रेल यात्रियों को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जीआरपी थाना जबलपुर द्वारा संचालित साइबर जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2026 का द्वितीय संस्करण लगातार प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। अभियान के ग्यारहवें दिवस, शनिवार 4 जुलाई को जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 एवं 6 पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रेल यात्रियों, ऑटो चालकों, वेंडरों एवं कुलियों को एकत्रित कर साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, इसलिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उपस्थित लोगों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए तरीकों, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड करने के खतरे तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
इस दौरान जागरूकता संबंधी पर्चों का वितरण भी किया गया और लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई एप डाउनलोड न करें तथा अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और समय रहते कार्रवाई कराने की जानकारी भी दी गई।
