रोम (इटली) 03 जुलाई (वार्ता) ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरुका, राइजा ढिल्लों और मैराज अहमद खान, इटली के लोनाटो में 3 से 13 जुलाई तक होने वाले आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप 2026 लोनाटो में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। लोनाटो निशानेबाजी स्पर्धा इस साल के चार आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप तीसरी स्पर्धा है और इसमें 30 देशों के 108 निशानेबाज हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में 20 सदस्यीय भारतीय टीम हिस्सा लेगी। जिसमें आठ निशानेबाज केवल रैंकिंग अंक (आरपीओ) के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं – अल्माटी में प्रतिस्पर्धा करने वाली टीम की तुलना में कुछ और बदलाव किए गए हैं।
भारत इस प्रतियोगिता में टैनजियर (मोरक्को) और अल्माटी (कज़ाकिस्तान) में हुए पिछले दो आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप लेग्स में मात्र एक पदक जीतने के बाद उतर रहा है। मोरक्को में कोई मे पदक न जीत पाने के बाद, विवान कपूर और नीरू ढांडा ने कज़ाकिस्तान में मिक्स्ड टीम ट्रैप कांस्य पदक जीतकर इस साल शॉटगन वर्ल्ड कप में भारत का एकमात्र पदक हासिल किया। विवान कपूर लोनाटो में भारत की एंट्री लिस्ट का हिस्सा नहीं हैं,
लेकिन नीरू महिलाओं के ट्रैप और मिश्रित टीम स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। एशियाई खेलों के पदक विजेता कायन चेनाई इटली में टीम में वापसी कर रहे हैं। अनंतजीत सिंह नरुका एक और भारतीय एशियाई खेल मेडलिस्ट हैं जो लोनाटो में प्रतिस्पर्धा करेंगे। दो बार के ओलंपियन मैराज अहमद खान पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगे, जबकि पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली राइज़ा ढिल्लों महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में मुख्य दावेदार होंगी। ओलंपियन पृथ्वीराज टोंडाइमन, जो ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप के पिछले लेग में नहीं खेल पाए थे, और माहेश्वरी चौहान भी भारतीय दल का हिस्सा हैं।

