
उमरिया। जिले के अमरपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंप हाउस में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद की है। चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कुल 151.92 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिलने पर टीम ने पंप हाउस का ताला खुलवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान अंदर शराब से भरे कार्टन मिले। जांच में 94 पाव अंग्रेजी शराब तथा 15 सीलबंद पेटियों में 750 पाव देशी शराब बरामद हुई। पूरी शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी भैया उर्फ सुशील रौतेल निवासी ग्राम खेरवा से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने रवि सिंह निवासी डिघिय के साथ मिलकर कम कीमत पर शराब खरीदकर पंप हाउस में छिपाकर रखी थी, ताकि बाद में उसकी बिक्री की जा सके।
पुलिस ने आरोपी सुशील रौतेल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं, फरार आरोपी रवि सिंह की तलाश तेज कर दी गई है।
अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्षेत्र में पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।
