
जबलपुर। देशभर में आज रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। ये अभियान 30 जून तक चलेगा। इसके तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा (ओपीवी) की दो बूंदें पिलाई जा रही हैं। जबलपुर में भी अभियान के पहले दिन सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों और पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। इस दौरान सुबह से ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को दवा पिलाने के लिए केंद्रों पर पहुंचे।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 29 और 30 जून को विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी,जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाए। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि नियमित टीकाकरण पूरा होने के बावजूद भी 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो अभियान के तहत पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाएं। यह अतिरिक्त खुराक बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने और देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जानकारी के अनुसार जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ आज रविवार किया गया। अभियान के तहत शून्य से लेकर 5 वर्ष तक की आयु वर्ग के 3 लाख 89 हजार 226 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने बताया की अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 2468 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 4936 वैक्सीनेटर द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
इन जगहों पर की गई टीमें तैनात
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईंट भट्टों, हाईरिस्क क्षेत्रों तथा अन्य दुर्गम स्थानों के लिए 30 मोबाइल टीमों और 106 ट्रांजिट टीमों की तैनाती की गई है। वहीं रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रा कर रहे बच्चों तक पहुंचने के लिए 40 विशेष टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें जबलपुर से आने-जाने वाली ट्रेनों में सवार होकर सतना और नर्मदापुरम स्टेशन तक यात्रा करने वाले शून्य से लेकर 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
अभियान की निगरानी के लिए 363 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों को पल्स पोलियो बूथ बनाया गया है, जहां अभियान के पहले दिन सभी पात्र बच्चों को नि:शुल्क पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
