सिंगरौली: नपानि के अंतरराज्यीय बस स्टैंड बैढ़न स्थित यात्री प्रतीक्षालय में लगे अधिकांश पंखे बंद पड़े होने से यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।गर्मी के इस मौसम में जहां बसों के इंतजार में लोगों को घंटों बैठना पड़ता है, वहीं प्रतीक्षालय में पर्याप्त वेंटिलेशन और पंखों की व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और अधिक असुविधाजनक हो गई है। यात्रियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है।
मार्च माह से ही प्रतीक्षालय के पंखे लगातार खराब होते रहे हैं। बीच-बीच में उनकी मरम्मत तो कराई गई, लेकिन तकनीकी खामियों को स्थायी रूप से दूर नहीं किए जाने के कारण पंखे कुछ ही दिनों में फिर बंद हो जाते हैं। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने ननि प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मांग की है कि प्रतीक्षालय में लगे सभी पंखों की गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराई जाए अथवा आवश्यकता अनुसार नए पंखे लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके।
