हरदा: उत्कृष्ट विद्यालय हरदा के कुछ विद्यार्थियों ने कक्षा 11वीं कला संकाय में प्रवेश नहीं मिलने की शिकायत लेकर जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। विद्यार्थियों का कहना है कि वे कक्षा 9वीं से विद्यालय में अध्ययनरत हैं और कक्षा 10वीं उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें 11वीं में प्रवेश मिलने की उम्मीद थी, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने प्रवेश देने से मना कर दिया।
विद्यार्थियों ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान रिश्वत की मांग की गई। उनका कहना है कि पूर्व से अध्ययनरत होने के कारण उन्होंने अन्य विद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन नहीं किया, जबकि अधिकांश विद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है।आवेदन में विद्यार्थियों ने बताया कि अधिकांश छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और निजी विद्यालयों की फीस वहन करने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नियमानुसार प्रवेश दिलाने तथा शिकायत सत्य पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।विद्यार्थियों का कहना है कि समय पर प्रवेश नहीं मिलने से उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
इनका कहना है –
11वीं की चारों संकायों में चयन मेरिट की सूची के अनुसार हुआ है। यदि चयनित विद्यार्थी प्रवेश नहीं लेते हैं तो पुनः सूची निकाली जायेगी। जहां तक रिश्वत की बात है तो यह आरोप सरासर निराधार है। चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हुई है।
डॉ.संतोष यादव
