भोपाल। आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के प्रभावक शिष्य मुनिश्री सुधासागर महाराज के इस वर्ष संभावित चातुर्मास को लेकर राजधानी से हजारों श्रद्धालु रविवार को गुना पहुंचे। बसों और निजी वाहनों से पहुंचे भक्तों ने श्रद्धा, भक्ति और आस्था के प्रतीक श्रीफल अर्पित कर भोपाल में चातुर्मास की विनती की। पूर्व जस्टिस अभय गोहिल और वरिष्ठ अधिवक्ता विजय चौधरी के नेतृत्व में हुए इस निवेदन के दौरान पूरा पंडाल स्वामी नमोस्तु और जय जय गुरुदेव के जयघोष से गूंज उठा।
मुनिश्री ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि भक्तों की आस्था बताती है कि धर्म और अध्यात्म की परंपरा हजारों वर्षों तक जीवंत रहेगी। उन्होंने कहा कि भोपाल को आध्यात्मिक राजधानी बनाने का संकल्प लें। धर्म सत्ता ही समाज को प्रफुल्लित कर विश्व में शांति का मार्ग प्रशस्त करती है। इस अवसर पर मंदिर समितियों, सामाजिक संगठनों, महिला मंडलों, युवा मंडलों और पाठशाला परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
