एसपी ने किया चितरंगी-गढ़वा थानों का आकस्मिक निरीक्षण

सिंगरौली: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी सियाज केएम ने आज रविवार को चितरंगी एवं गढ़वा थाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, कार्यालयीन कार्यप्रणाली तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की।
चितरंगी थाना पहुंचने पर एसपी ने थाना प्रभारी सुधेश तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों की स्थिति, शिकायतों के निराकरण तथा जनसुनवाई व्यवस्था की जानकारी ली। थाना अभिलेखों, रोजनामचा, अपराध रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का निरीक्षण करते हुए उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया।
एसपी ने थाना स्टाफ से सीधे संवाद कर उनकी कार्यशैली, ड्यूटी व्यवस्था और क्षेत्रीय चुनौतियों के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही उन्होंने फरियादियों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। गढ़वा थाना के निरीक्षण के दौरान भी एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाने पर बल दिया।
निरीक्षण के अंत में एसपी सियाज केएम ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौती का त्वरित और प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए पुलिस बल को हमेशा तैयार रहना चाहिए। उनके इस निरीक्षण से पुलिस महकमें में सक्रियता बढ़ी है और थाना स्तर पर कार्यों में और अधिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Next Post

केरल में मानसून ने दी दस्तक: भीषण गर्मी से मिली राहत, मौसम विभाग ने सात जिलों में जारी किया ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश की संभावना

Mon Jun 1 , 2026
तिरुवनंतपुरम | भारत के लाखों लोगों का इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया है, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर केरल में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून के केरल तट पर पहुंचने से चिलचिलाती गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। […]

You May Like