इंदौर: क्राइम ब्रांच और विजयनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.पुलिस को सूचना मिली थी कि मेघदूत गार्डन और विजयनगर क्षेत्र में कुछ युवक बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ घूम रहे हैं और उन्हें सस्ते दामों में बेचने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना विजयनगर की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया. पकड़े गए आरोपियों के नाम मोहित वर्मा, विशेष कोरी और निशांत सुनहरे बताए गए हैं. तीनों की उम्र करीब 18 वर्ष है और ये शहर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं.
पुलिस ने जब आरोपियों से वाहनों के दस्तावेज मांगे तो वे कोई कागजात नहीं दिखा सके. सख्ती से पूछताछ में उन्होंने विजयनगर, परदेशीपुरा, कनाड़िया, सावेर और देवास नाका क्षेत्रों से बाइक चोरी करना कबूल किया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 9 मोटरसाइकिल बरामद की हैं. इनमें पैशन प्रो, स्प्लेंडर, सुजुकी, होंडा शाइन और एचएफ डीलक्स जैसी लोकप्रिय बाइक शामिल हैं. जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा चुराई गईं कुछ गाड़ियों की रिपोर्ट विजयनगर थाने तथा परदेशीपुरा थाने में दर्ज है.
आरोपियों का रिमांड लेकर अन्य चोरियों के बारे में होगी पूछताछ
पुलिस के मुताबिक आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चुराकर उन्हें बिना नंबर या बदले हुए नंबर के साथ घुमाते थे और ग्राहक मिलते ही सस्ते दामों में बेच देते थे. मामले में डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया है. पूछताछ में कई वाहन चोरी की वारदातें खुली हैं. आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, जिससे और खुलासे होने की संभावना है. फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.
