पांढुरना: अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ऊर्जा वैज्ञानिक प्रो. डॉ. मोहन कोल्हे को अमृता विश्व विद्यापीठम विश्वविद्यालय में एडजंक्ट प्रोफेसर नियुक्त किया गया है,इनकी यह उपलब्धि इनके परिजनों, रिश्तेदरों के साथ ही पांढुरना जिलावासियों के लिए गौरव की बात है ।
उल्लेखनीय हो कि अमृता विश्व विद्यापीठम देश का अग्रणी विश्वविद्यालय है, जिसे शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक कार्यों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान प्राप्त है।
प्रो. डॉ. मोहन कोल्हे वर्तमान में नॉर्वे के यूनिवर्सिटी ऑफ एग्डर में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। वे स्वदेशी जागरण मंच के स्वदेशी शोध संस्थान में अंतरराष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।वे जिला पांढुरना के स्वर्गीय पुंडलीकराव कोल्हे एवं स्वर्गीय श्रीमती सावित्री कोल्हे के सुपुत्र हैं। उनके माता-पिता ने पांढुरना में लंबे समय तक शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं।
प्रो. डॉ. कोल्हे दक्षिण ऑस्ट्रेलिया सरकार के प्रथम रिन्यूएबल एनर्जी बोर्ड के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। उन्होंने सौर ऊर्जा, विद्युत ऊर्जा, हाइड्रोजन ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और स्मार्ट ग्रिड जैसे क्षेत्रों में तीन दशकों से अधिक समय तक वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उनकी इस उपलब्धि से जिला पांढुरना सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। प्रो. डॉ. मोहन कोल्हे का नाम विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल है।
