जबलपुर: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज ;प्रारंभिक परीक्षा.2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह रविवार को पूरी तरह सक्रिय नजर आए। इस दौरान उन्होंने कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंट व सेंट थॉमस स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल विद्युत एवं सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आयोग के दिशा निर्देशों का पूर्णत: पालन सुनिश्चित किया जाए।
17 केंद्रों में परीक्षा आयोजित
रविवार यानी 24 मई को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 सफलतापूर्वक संपन्न हुई। शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों सुबह 9:30 से 11:30 और दोपहर 2:30 से 4:30 में यह परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के पूर्व परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रोटोकॉल के तहत प्रवेश दिया गया। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेस प्रारंभिक परीक्षा जिले के 17 केन्द्रों में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जिसमें कुल 5426 अभ्यर्थियों में से प्रथम चरण में 3612 तथा द्वितीय चरण में 3568 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
