तिरुवनंतपुरम, 24 मई (वार्ता) केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन 26 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए नयी दिल्ली जाएंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को दिल्ली में थे, लेकिन वह इस दौरान प्रधानमंत्री से नहीं मिल पाए, उन्हें बाद में मंगलवार को मिलने का समय दिया गया था।
श्री सतीशन ने इसके बाद कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ बैठकें की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “सीपीपी अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ वी डी सतीशन से मिलकर बहुत अच्छा लगा।”
उन्होंने कहा कि केरल हमेशा से सद्भाव, सामाजिक प्रगति और जन-केंद्रित राजनीति का एक आदर्श रहा है, और कहा कि यह दृष्टिकोण लोगों के लिए काम करने वाली नई सरकार को प्रेरित करता रहेगा।
श्री सतीशन ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, “उनके मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए मैं आभारी हूं, क्योंकि हम जनसेवा के प्रति नए संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”
