शिवपुरी: शिवपुरी जिले के मगरौनी क्षेत्र में सुबह उस समय ग्रामीणों में दहशत फैल गई, जब ख्यावदा गांव के पास एक तेंदुआ दिखाई दिया। सुबह के समय सड़क किनारे और जंगल क्षेत्र में घूमते चीते को देखकर ग्रामीणों ने उसका वीडियो बना लिया। ख्यावदा निवासी कल्याण बाथम सुबह किसी काम से मगरौनी क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान पनघटा पुल के पास से ख्यावदा गांव की ओर बढ़ते समय मोहिनी के नजदीक जंगल क्षेत्र में उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया।
अचानक तेंदुआ को देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने दूर से उसका वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। तेंदुआ के दिखाई देने की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई। ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया, क्योंकि क्षेत्र में खेतों और जंगल के आसपास सुबह-शाम लोगों की आवाजाही बनी रहती है। कई ग्रामीणों ने बच्चों और मवेशियों को घरों के आसपास ही रखने की सलाह दी। फॉरेस्ट टीम का कहना है कि तेंदुआ जंगल की ओर वापस चला गया है और फिलहाल किसी प्रकार के खतरे की स्थिति नहीं है।
