गुना में देर रात बड़ी वारदात: युवक पर सरियों से हमला कर 28 हजार रुपए लूटे, हालत गंभीर

गुना: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भुल्लनपुरा तिराहे स्थित एटीएम के पास शुक्रवार देर रात एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन से चार अज्ञात बदमाशों ने युवक पर लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और उसकी जेब में रखे 28 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, भुल्लनपुरा निवासी अमर दिप्पल रात करीब 12 बजे सराफा बाजार में एक व्यापारी को अपने पिता द्वारा दिए गए 28 हजार रुपए लौटाने गया था। व्यापारी से मुलाकात न होने के कारण अमर रकम वापस लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उसे घेर लिया। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उस पर सरिए की छड़ से जानलेवा हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद बदमाश उसकी जेब से नगदी निकालकर रफूचक्कर हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित युवक का दावा है कि हमलावर पेशेवर बदमाश हैं और उन पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है। परिजनों का कहना है कि वारदात के बाद भी अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परेशान होकर वे अब इस मामले की लिखित शिकायत एसपी से करने की तैयारी कर रहे हैं।

Next Post

एनीमेशन फीचर फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए तैयार, इंटरकनेक्टेड ‘सनातन यूनिवर्स’ के पहले अध्याय की होगी शुरुआत

Fri May 22 , 2026
मुंबई, 22 मई (वार्ता) बच्चों और परिवारों के बीच अपनी सुपरहिट टीवी सीरीज़ जय जगन्नाथ के जरिए दिल जीतने के बाद, एले एनीमेशन्स प्राइवेट लिमिटेड अब अपने ओरिजिनल आईपी को एक भव्य मल्टी-लिंगुअल थिएट्रिकल फीचर फिल्म महाप्रभु जगन्नाथ के रूप में बड़े स्तर पर पेश करने जा रहा है। सिनेपोलिस […]

You May Like