भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजकर गांधी मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग कॉलेज में गंभीर अनियमितताओं, छात्राओं के मानसिक उत्पीड़न तथा कमरों पर कथित अवैध कब्जे का आरोप लगाया है।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने आरोप लगाया कि शैक्षणिक गतिविधियों के लिए निर्धारित दो महत्वपूर्ण कमरों का उपयोग प्रभारी प्रोफेसर एवं स्टाफ नर्स द्वारा निजी कार्यों के लिए किया जा रहा है, जिससे कक्षाओं के संचालन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष की कक्षाएं छात्रावास के मनोरंजन कक्ष में संचालित की जा रही हैं, जिससे छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अक्षय तोमर ने आरोप लगाया कि शिकायत करने वाली छात्राओं को आंतरिक परीक्षाओं में नुकसान पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की धमकियां दी जा रही हैं। एनएसयूआई ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा शिकायतकर्ता छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
