
सीधी। थाना रामपुर नैकिन पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अवैध नशीली कफ सिरप के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के अंतर्गत नशे के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के नेतृत्व में थाना रामपुर नैकिन पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए 02 आरोपियों को अवैध नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 17 मई 2026 को थाना रामपुर नैकिन पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम घूंघटा रोड क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध नशीली कफ सिरप छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना पर थाना प्रभारी रामपुर नैकिन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा गवाहों की उपस्थिति में मुखबिर सूचना की तस्दीक कर ग्राम घूंघटा रोड पुलिया के पास घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान आरोपी
मो. इसराइल पिता मो. शाहिद निवासी कस्बा रामपुर नैकिन एवं मो. एहसान पिता मोहम्मद जुनूम निवासी कस्बा रामपुर नैकिन थाना रामपुर नैकिन जिला सीधी
पुलिस को देखकर भागने एवं छिपने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों को मुखबिर सूचना से अवगत कराते हुए विधि सम्मत कार्यवाही की गई। आरोपियों के बताए अनुसार पास की झाड़ियों से एक पॉलीथीन में रखी 15 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,015 रुपये है। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां उनके विरुद्ध धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी रामपुर नैकिन निरीक्षक सुधांशु तिवारी, सउनि अनंतलाल प्रजापति, प्रआर धीरेन्द्र सिंह, प्रसन्न मिश्रा एवं नायक शशिशेखर उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
