
जबलपुर। 6 माह के बालक श्रेयांश सिंह काकोटिया को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना का लाभ मिला है और बच्चा अब पूरी तरह से इलाज के बाद स्वस्थ है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिला जबलपुर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत हृदय रोग से ग्रसित 6 माह के बालक श्रेयांश सिंह काकोटिया पिता छोटे सिंह काकोटिया निवासी- म.नं. 137, वार्ड 14, ग्राम पिपरिया, विकासखण्ड कुण्डम, जिला जबलपुर को मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के माध्यम से सफल सर्जरी कर नया जीवन प्रदान किया गया है।
मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी विकासखण्ड कुण्डम डॉ. सोनू शर्मा के मार्गदर्शन में वार्ड 14, ग्राम पिपरिया, कुण्डम स्वास्थ्य परीक्षण करने पहुंची आर.बी.एस.के. टीम की डॉ. वैशाली उपरे ने पाया की 06 माह का बालक श्रेयांश सिंह काकोटिया हृदय रोग से ग्रसित है। जिसके बाद उसके इलाज की रूपरेखा तैयार की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर डॉ. अमजद खान जिला नोडल अधिकारी आर.बी.एस.के. कार्यक्रम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुये बालक का रजिस्ट्रेशन कराकर परिजन की सहमति बाद बालक को नारायणा हृदयालय मुम्बई रेफर किया गया। उक्त चिकित्सालय में बालक की सफल सर्जरी नि:शुल्क की गई और उसे नया जीवन प्रदान किया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार को बच्चे को अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया है।
सीएम के साथ सभी मददगारों के प्रति जताया आभार
सफल सर्जरी के बाद बालक के परिवार ने मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, जिला कलेक्टर जबलपुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जबलपुर, नोडल अधिकारी आर. बी. एस.के. कार्यक्रम जबलपुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन. एच. एम. जबलपुर, डी. ई. आई. एम. जबलपुर, नारायणा हृदयालय मुम्बई महाराष्ट्र की टीम तथा समस्त आर. बी. एस. के टीम राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
