
देवास। सतवास बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब वहां खड़ी एक बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया।
जानकारी के अनुसार, एक युवक माला लेने दुकान पर गया था और उसकी बाइक बस स्टैंड पर करीब 10 मिनट से खड़ी थी, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी। घटना के बाद बस स्टैंड पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। आग लगने के कारणों को लेकर प्रारंभिक रूप से भीषण गर्मी और पेट्रोल रिसाव की आशंका जताई जा रही है।
