इंदौर: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक थोक पटाखा व्यापारी से करीब 31 लाख रुपये का माल खरीदने के बाद आरोपी ने बकाया 16 लाख रुपये देने से हाथ खड़े कर दिए. पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी व्यापारी के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है.पुलिस के मुताबिक फरियादी सुरेश फेरवानी निवासी रीजनल पार्क रवि फायर वर्क्स के नाम से पटाखों का थोक व्यापार करते हैं, फ़रियादी ने पुलिस को बताया कि गड्डा पुलिया क्षेत्र के रहने वाले अविनाश जैन पिछले 3-4 वर्षों से उनकी दुकान से माल खरीद रहे थे.
पुराने व्यापारिक संबंधों के कारण दोनों के बीच अच्छा तालमेल था.सितंबर-अक्टूबर 2025 के दौरान जब अविनाश जैन ने अहिल्या मार्केट में पटाखों की दुकान लगाई, तब 24 सितंबर से 24 अक्टूबर के बीच दोनों व्यापारियों के बीच करीब 31 लाख 58 हजार रुपये का कारोबार हुआ. समझौते के तहत अविनाश ने करीब 16 लाख रुपये बाद में देने की बात कही थी, जिसकी बकायदा लिखा-पढ़ी भी की गई थी.पुराने ग्राहक होने के नाते सुरेश फेरवानी ने भरोसे पर उधार माल दे दिया.
लेकिन दीपावली बीतने के बाद जब भुगतान का समय आया, तो अविनाश जैन टालमटोल करने लगा. सुरेश पिछले एक महीने से लगातार तकादा कर रहे थे, लेकिन आरोपी ने अंततः रकम देने से साफ इनकार कर दिया और संपर्क तोड़ लिया.परेशान होकर सुरेश फेरवानी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई. पुलिस ने बिलों, दस्तावेजों और बैंक लेनदेन की बारीकी से जांच की. धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी अविनाश जैन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
