
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने विनिर्माण परिसर में उन्नत “शुमान हाइड्रोलिक प्रेस मशीन” का लोकार्पण किया। इस मशीन का उद्घाटन बुधवार को बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर रुपेश तेलंग, महाप्रबंधक (फीडर्स, टीसीबी विनिर्माण, वाणिज्य एवं अनुरक्षण), आशीष औरंगाबादकर, महाप्रबंधक (वैक्स एवं एमओडी), तथा संतोष डोंगरे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों के अनुसार हाइड्रोलिक प्रेस मशीन का सफल आधुनिकीकरण उत्पादन क्षमता वृद्धि और तकनीकी उन्नयन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मशीन में नवीनतम हाइड्रोलिक पावर पैक और अत्याधुनिक कंट्रोल पैनल स्थापित किए गए हैं, जिससे इसकी कार्यक्षमता, विश्वसनीयता, सुरक्षा और उत्पाद गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
यह परियोजना कारखाना इंजीनियरिंग एवं सेवा विभाग तथा फीडर्स अनुरक्षण टीम द्वारा बेहद कम समय और न्यूनतम लागत में पूरी की गई। बीएचईएल प्रबंधन का कहना है कि इस पहल से उत्पादन प्रक्रिया अधिक सुचारु और सुरक्षित होगी तथा औद्योगिक क्षेत्र में बीएचईएल भोपाल की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और मजबूत होगी।
