नयी दिल्ली, 07 मई (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवाद के विरुद्ध भारत का साहसिक एवं सक्रिय प्रतिशोध करार देते हुए कहा है कि सेना के इस ऑपरेशन ने भारत के पराक्रम के साथ स्वदेशी तकनीक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को दर्शाया।
श्री बिरला ने एक्स पर कहा “भारतीय सेना के असाधारण शौर्य के प्रतीक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर राष्ट्र की रक्षा में समर्पित सैन्य बल के जवानों और अधिकारियों का अभिनंदन। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के विरुद्ध भारत का साहसिक एवं सक्रिय प्रतिशोध था। हमने विश्व को दिखा दिया है कि भारत आतंक के हर स्वरूप के विरुद्ध तथा मानवता के पक्ष में दृढ़ता से खड़ा है।”
उन्होंने कहा “सेना के इस ऑपरेशन ने भारत के पराक्रम के साथ स्वदेशी तकनीक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी दर्शाया। आज के दिन हमारे सभी जाँबाज़ सैन्यकर्मियों को नमन। देश आपका सदैव कृतज्ञ रहेगा।”
