अश्लील हरकत करने से रोका तो गुंडागर्दी, घर में घुसकर तोड़फोड़, धमकाया

जबलपुर:लार्डगंज थाना अंतर्गत जीरो डिग्री में घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर अश्लील हरकत कर रहे युवक-युवती को जब घर के मालिक ने मर्यादा का पाठ पढ़ाया, तो आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।पुलिस ने बताया कि जीरो डिग्री निवासी निशांत अहिरवार (28) ने पुलिस को बताया कि बीती रात उनके घर के पास स्कूटी क्रमांक एमपी 20 जेड जी 9276 पर एक लड़का और लड़की खड़े होकर अशोभनीय हरकत कर रहे थे।

निशांत ने जब उन्हें घर के पास से हटकर मुख्य मार्ग पर जाने को कहा, तो आरोपी युवक विवाद पर उतारू हो गया। उसने बदतमीजी करते हुए कहा, जमीन तेरी नहीं है, मैं यहीं खड़ा रहूंगा और निशांत को धक्का देकर वहां से चला गया। विवाद के करीब एक घंटे बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ डंडे और ईंटें लेकर वापस लौटा। आरोपियों ने घर के सामने खड़े होकर हंगामा शुरू कर दिया जब निशांत ने विरोध किया, तो हमलावरों ने घर की बाउंड्री वॉल का गेट तोड़ दिया और पोर्च में घुस आए।

दहशत का आलम यह था कि आरोपियों ने हॉल के जाली वाले दरवाजे और खिड़की के कांच ईंटों से फोड़ दिए। घर के अंदर गमले और हेलमेट फेंककर हमला करने की कोशिश की। जान बचाने के लिए निशांत को दूसरे कमरे में छिपना पड़ा। बीच-बचाव करने आए निशांत के पिता के साथ भी बदसलूकी की गई। जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को इलाका छोड़ने और जान से खत्म करने की धमकी दी।

Next Post

संयुक्त निदेशक ने किया जनगणना कार्य का निरीक्षण

Tue May 5 , 2026
जबलपुर: जनगणना कार्य निदेशालय, भोपाल के संयुक्त निदेशक जय शहदादपुरी ने जनगणना कार्य के निरीक्षण के दौरान जबलपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम घुंसौर एवं जोतपुर का दौरा किया। उन्होंने प्रगणक गीता कोल एवं अनीता उइके के साथ फील्ड में जाकर जनगणना के 34 प्रश्नों के पूछने की प्रक्रिया का अवलोकन […]

You May Like