सीहोर। जिले की आष्टा विधानसभा के जावर के वेयर हाऊस का जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल के साथ औचक निरीक्षण किया, जहां पर जो हालात देखने को मिले, वो सीधे-सीधे मोहन सरकार की नाकामी को उजागर करते हैं.
कांग्रेस नेता गुजराती ने बताया कि जब किसानों के बीच पहुंचे, तो सच्चाई बेहद दर्दनाक थी. किसानों का गेहूं पूरी तरह तैयार है, वेयर हाऊस तक पहुंच चुका है, लेकिन सरकार की अव्यवस्था के कारण तुलाई नहीं हो पा रही है. नतीजा यह है कि किसान 5-7 दिनों से अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर लाइन में खड़े हैं. 2000 रोज किराया देकर किसान गेहूं लेकर आते हैं, लेकिन मोहन सरकार की व्यवस्था इतनी कमजोर है कि उनका माल समय पर तौल तक नहीं हो रहा. ऊपर से मौसम खराब—किसान डर में जी रहा है कि कहीं मेहनत की पूरी फसल खराब न हो जाए. किसान हितैषी सरकार के राज में कांटों की कमी है, प्रबंधन शून्य है और जिम्मेदार लोग सिर्फ कागजों में व्यवस्था सुधारने के दावे कर रहे हैं. मोहन सरकार को जवाब देना होगा किसानों को 7-7 दिन तक लाइन में क्यों खड़ा रखा जा रहा है. तुलाई के पर्याप्त कांटे क्यों नहीं लगाए गए. किसानों को हो रहे आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा अगर शीघ्र ही व्यवस्था नहीं सुधरी, तो यह आवाज और बुलंद होगी. इस मौके पर सीहोर, आष्टा के साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद सिंह ठाकुर उपस्थित थे.
