इटारसी: बनापुरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब झेलम एक्सप्रेस से एक यात्री गिरकर घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस सुबह करीब 6:50 बजे प्लेटफार्म नंबर 2 पर पहुंची और 6:55 बजे रवाना हुई। ट्रेन के चलने के दौरान सामान्य कोच में सफर कर रहे यात्री मोनू विश्वकर्मा (24), निवासी मजगांव, जिला टीकमगढ़, अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसके चेहरे पर चोटें आईं।
घटना को देखते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ इटारसी के आरक्षक हर प्रताप सिंह और आरक्षक अजीत सोरेंग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल यात्री को सुरक्षित उठाकर बनापुरा चौकी ले गए। प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों जवान उसे सिविल अस्पताल सिवनी मालवा ले गए, जहां उसका इलाज किया गया। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।आरपीएफ जवानों की तत्परता के कारण घायल यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। यात्री ने दोनों जवानों की मानवीय पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। बाद में उसे दूसरी ट्रेन से उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
