बेंगलुरु,17 अप्रैल (वार्ता) आईपीएल 2026 में शनिवार के पहले मुक़ाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। जहां आरसीबी की टीम पांच में से चार मुक़ाबले जीतकर शीर्ष-2 में है, वहीं डीसी चार में से दो मुक़ाबले जीत और दो मुक़ाबले हारकर अंक तालिका के बीच में है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 33 मुक़ाबलों में आरसीबी को 20, जबकि डीसी को 12 में जीत मिली है, जबकि एक मुक़ाबला रद्द हुआ था। बेंगलुरू में हुए दोनों टीमों के बीच 13 मुक़ाबलों में भी आरसीबी 7-5 से आगे है।
पांच पारियों में दो अर्धशतकों के साथ 228 रन बना चुके विराट कोहली को अगर रोकना है, तो डीसी के कप्तान अक्षर पटेल को ख़ुद नई गेंद थामनी होगी। अक्षर ने कोहली को आईपीएल में सिर्फ़ एक बार आउट किया है, लेकिन कोहली, उन पर सिर्फ़ 113 के स्ट्राइक रेट से ही रन बना पाते हैं। अक्षर,कोहली के सलामी जोड़ीदार फ़िल सॉल्ट को भी परेशान करते हैं और सॉल्ट भी उनके ख़िलाफ़ सिर्फ़ 113 के ही स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं। सॉल्ट, अक्षर के ख़िलाफ़ चार पारियों में दो बार आउट भी हुए हैं, जबकि लुंगी एनगिडी ने भी सॉल्ट को चार में से दो पारियों में आउट किया है।
अक्षर ना सिर्फ़ शुरुआती बल्कि बाद के ओवरों में भी इस मैच में अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं। उन्होंने टिम डेविड और जितेश शर्मा को दो-दो बार आउट किया है। जितेश उन पर सिर्फ़ 87 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं, जबकि क्रुणाल पंड्या का भी स्ट्राइक रेट अक्षर के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 117 का है। वैसे क्रुणाल को डीसी के एक और बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव भी परेशान करते हैं। क्रुणाल को उन्होंने एक बार आउट किया है, जबकि उनके ख़िलाफ़ क्रुणाल का स्ट्राइक रेट भी सिर्फ़ 103 का है।

