जबलपुर: संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेसियों ने थाने का घेराव किया। प्रदर्शन करते हुए कांग्रेसियों ने बताया कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शराब दुकानों के आसपास खुलेआम शराब पिलाने की व्यवस्था संचालित हो रही है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। इस पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की गई।
इसके साथ ही कछपुरा पुल मोड़ पर प्रतिदिन की जा रही वाहन चेकिंग को बंद करने, पुलिस द्वारा आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाने की मांग रखी गई, जिससे आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके। साथ ही यह भी बताया कि श्याम नगर, दुर्गा नगर, शांति नगर, परसवाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में खुलेआम मादक पदार्थों का विक्रय हो रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराध बढऩे की आशंका है। कांग्रेस नेताओं ने इन क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने एवं नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की और सीएसपी गोरखपुर को संजीवनी नगर थाने में ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सचिन वाजपेई, ब्लॉक अध्यक्ष सलिल चौकसे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, पश्चिम विधानसभा अध्यक्ष नितिन सिंह, शादाब मंसूरी, शैलेश शुक्ला, श्रीकांत विश्वकर्मा, श्रेष्ठा ठाकुर, मेवा लाल पटेल, नीलेश मेहर, करण तामसेतवार, सचिन रजक, मोहित प्यासी, रोशन आनंद, विक्रम सिंह अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
