
ब्यावरा। नगर में पेयजल सप्लाई का अंतराल कम होने का नाम नहीं ले रहा है, वर्तमान में एक बार फिर कुशलपुरा डेम स्थित 2 विद्युत मोटर में खराबी के कारण अंतराल बढ़ा है, समय रहते
व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पेयजल संकट अधिक गहरा सकता है.
गौरतलब है कि विगत कई माह से पेयजल सप्लाई का अंतराल बढ़ा हुआ है. 6 से 7 दिन या इससे भी अधिक दिनों में पेयजल सप्लाई हो पा रही है. वर्तमान में कुशलपुरा डेम पर इंटकवेल पर स्थित 20 एवं 25 एचपी की दो विद्युत मोटर में एक के बाद एक खराबी आने के कारण नगर में पेयजल सप्लाई कम होने से सप्लाई का अंतराल बढ़ा है.
सुदामा नगर में आठवें दिन हुई पेयजल सप्लाई 5 अप्रैल रविवार को सुदामा नगर में पेयजल सप्लाई की गई, इसके पूर्व यहां बीते रविवार एवं इसके
पूर्व भी रविवार को पेयजल सप्लाई होना बताया जाता है. इस तरह वर्तमान में यहां सप्ताह में रविवार के दिन पेयजल सप्लाई हो रही है. यह भी बताया गया कि 5 अप्रैल को हुई पेयजल सप्लाई का समय भी कम रहा. इस तरह कई दिनों में पेयजल सप्लाई होने से पानी को लेकर काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
गर्मी में पानी की अधिक आवश्यकता- गर्मी के दिनों में पानी की आवश्यकता कहीं अधिक होती है. अप्रैल माह के इन दिनों में गर्मी का भारी प्रकोप रहता है, किंतु विगत दिवस तेज हवाओं, बारिश के कारण गर्मी के तेवर कमजोर पड़े है. इससे काफी राहत मिली है. नपा के पेयजल सप्लाई प्रबंधन के अनुसार कुशलपुरा डेम पर दो विद्युत मोटर में खराबी के कारण पेयजल सप्लाई का अंतराल बढ़ा है, जल्द ही व्यवस्था में सुधार होकर पेयजल सप्लाई का अंतराल कम होगा.
