इंदौर: कलेक्टर कार्यालय में सड़क सुरक्षा समिति के बैठक हुई. बैठक में यातायात सुधार को लेकर पार्किंग बढ़ाने, लेफ्ट टर्न चौड़े करने, नए ब्लैक स्पॉट, सड़क किनारे पार्किंग पर चलानी कार्रवाई करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में बिजासन माता मंदिर और एयरपोर्ट के बीच में स्थित सर्विस रोड बनाने का प्रस्ताव किया गया है.बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि सड़क सुरक्षा में प्रमुख रूप से पार्किंग स्पेस विकसित करने, प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री करने तथा ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित स्थलों) के सुधार का काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिले में ब्लैक स्पॉट्स की संख्या में कमी आई है. शहर में कुछ नए स्थान चिन्हित हुए हैं, जिनका सुधार कार्य चल रहा है.
कलेक्टर ने कहा कि इंजीनियरिंग सुधारों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है. संबंधित विभागों से यातायात सुधार की नियमित समीक्षा भी की जा रही है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है, जिससे यातायात में सुधार हुआ है. यातायात व्यवस्था सुधार के लिए शहर के आठ प्रमुख मार्गों को चिन्हित किया गया है. वहां अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनती है. प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, लेफ्ट टर्न चौड़ा करने तथा विद्युत खंभों एवं डीपी शिफ्टिंग की कार्रवाई जारी है. बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एसपी ग्रामीण यांगचेन भूटिया, डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी, अपर आयुक्त आकाश सिंह, स्मार्ट सिटी सीईओ अर्थ जैन, अपर कलेक्टर रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
अवैध पार्किंग पर चालानी कार्रवाई
कलेक्टर वर्मा को यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे खड़े वाहनों और अवैध पार्किंग पर चालानी कार्रवाई, वाहनों पर लॉक लगाने जैसी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही शहर में पार्किंग स्थान बढ़ाने का अभियान चलाया जा रहा है. बेसमेंट पार्किंग वाले भवनों में पार्किंग का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है. राजवाड़ा क्षेत्र में सिटी बसों बंद करने के बाद ट्रैफिक में सुधार हुआ है. बैठक में ई-ऑटो रिक्शा के रूट प्लान पर भी चर्चा की गई. निर्माणाधीन बिजासन मेट्रो स्टेशन एवं बिजासन माता मंदिर के बीच रिक्त भूमि पर एयरपोर्ट टर्मिनल के सामने से केद्रीय विद्यालय के पहले तक सर्विस रोड बनाने पर चर्चा हुई.
