भरतपुर, 30 मार्च (वार्ता) राजस्थान में बृज नगर (डीग) क्षेत्र में सोमवार को दोपहर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज रफ्तार धूल भरी हवाओं के बीच जोरदार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
मौसम के अचानक करवट लेने से तापमान में भारी गिरावट के साथ बृज नगर सहित जिले के कई इलाकों में मेघ गर्जना के साथ करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश से पहले चली तेज रफ्तार धूल भरी हवाओं से सड़कों पर दृश्यता कम होने पर वाहनों की गति धीमी पड़ गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
सूत्रों के अनुसार, इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी और खलिहानों में पड़ी सरसों और गेहूं जैसी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यह बारिश उनके लिए ‘आफत’ बनकर आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों तक भरतपुर संभाग के जिलों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है।
