
ब्यावरा। नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था आईपीएस विद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. जिसमें 30 यूनिट रक्तदान हुआ.
रिजल्ट डे के अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में अभिभावकों, शिक्षकों एवं पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 30 यूनिट रक्तदान किया.
रक्तदान शिविर ब्लड सेंटर जिला अस्पाताल राजगढ़ के सहयोग से आयोजित किया गया. इस अवसर पर डॉ. फरहान खान (एम.डी., ब्लड बैंक ऑफिसर), राजकुमार भीलाला (इंचार्ज ब्लड बैंक), रईस खान, नरेंद्र वैष्णव विशेष रूप से उपस्थित रहे.
पुस्तके देकर किया सहयोग
विद्यालय परिसर में आयोजित बुक एक्सचेंज शिविर विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. इस पहल के अंतर्गत छात्रों ने अपनी पुरानी पुस्तके अन्य विद्यार्थियों को देकर सहयोग की भावना को प्रोत्साहित किया. वहीं आगामी कक्षा के लिए आवश्यक पुस्तके भी प्राप्त की. यह पहल न केवल आर्थिक रूप से सहायक सिद्ध हुई, बल्कि संसाधनों के सदुपयोग का प्रेरणादायक संदेश भी दिया. आधार कैंप में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने नए आधार कार्ड बनवाए तथा पुराने कार्ड में आवश्यक संशोधन कराए, जिससे उन्हें काफी सुविधा हुई. विद्यालय के प्राचार्य राजेश मंडलोई भी उपस्थित रहे. विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए गए इन प्रयासों की सराहना की गई. यह आयोजन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रहकर सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करने वाला रहा.
