
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत बघवार क्षेत्र में बुधवार रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर बाणसागर नहर में जा गिरा। अधिकारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। यह घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। बोलेरो राम केवट निवासी बुढगौना का था, जबकि उसे कृष्ण केवट, निवासी ग्राम मझिगवा चला रहा था। वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक बोलेरो का संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नहर में जा समाई। उस समय नहर में लगभग 20 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिससे बोलेरो पूरी तरह डूब गई और कुछ समय तक उसका कोई पता नहीं चल सका। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह तैरकर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। उसे मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। इस पूरे मामले में एसडीएम वीके आनंद व तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत बाणसागर नहर का पानी बंद कराने के निर्देश दिए ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित तरीके से अंजाम दिया जा सके। आज गुरुवार सुबह से ही एसडीएम वीके आनंद व तहसीलदार आशीष मिश्रा अपनी टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पानी का स्तर कम होने के बाद क्रेन की मदद से डूबे हुए बोलेरो को बाहर निकाला गया। इस पूरे ऑपरेशन को सावधानी और तेजी के साथ पूरा किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इनका कहना है-
प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और समय रहते कार्रवाई की गई, जिसके चलते बड़ा नुकसान टल गया। आम लोगों से अपील है कि वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और जहां तक संभव हो, नहर किनारे के रास्तों का उपयोग करने से बचें।
वीके आनंद , एसडीएम चुरहट
