बैतूल: एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना बैतूल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेड़ीसावलीगढ़ बस स्टैंड के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, खेड़ी के पांढरी ढाना निवासी सुन्दा बाई उम्र 65 वर्ष, पति बुद्धू गायकी, सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और बेलगाम ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक खुद ही वाहन लेकर खेड़ी पुलिस चौकी पहुंच गया, जहां उसे पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया। वहीं, सूचना मिलते ही चौकी से आरक्षक ओमप्रकाश यदुवंशी मौके पर पहुंचे और 112 वाहन की मदद से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया।जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, मृतक महिला मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके परिवार में तीन बेटियां हैं। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने गुरुवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।
