
सिंगरौली। विंध्यनगर थाना क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
विंध्यनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को फरियादी संदीप कुमार मिश्रा उम्र 32 वर्ष निवासी ग्रीनहॉट कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 9 फरवरी की रात मंदिर में ताला बंद करने के बाद सुबह जब मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर से चांदी का छत्र, मुकुट, दान पेटी के सिक्के एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों से पूछतांछ की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान संजय शाह पिता रामसेवक शाह उम्र 25 वर्ष, संजय वर्मा पिता सूरज वर्मा उम्र 25 वर्ष एवं संदीप वर्मा पिता छोटेलाल वर्मा उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम गहिलगढ़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चांदी का बिस्किट, चांदी का मुकुट, दान पेटी के सिक्के 298 रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं लोहे का सब्बल बरामद किया गया है। जहां एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं आरोपियों ने सोनी कटरा बैढ़न के गोलू सोनी के दुकान में बिक्री करना बताया है और गोलू सोनी ने इसे स्वीकार भी किया है। आरोपियों को आज दिन मंगलवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, उनि प्रियंका मिश्रा, सउनि रमेश प्रजापति, प्रआर मुनेन्द्र राणा, पंकज सिंह, विजय खरे, अरुणेन्द्र पटेल, आर मनोहर देवड़ा, भोले लोधी एवं अशोक कुशवाह का सराहनीय योगदान रहा।
