जबलपुर:भेड़ाघाट थाना अंतर्गत मीरगंज-आमाहिनौता रोड स्थित झिन्ना मोहल्ला में एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। नकाबपोश चोर सीसीटीवी में कैद हो गए हैं।जानकारी अनुसार ग्राम तेवर निवासी नीतेश कुमार पटेल (30) ने पुलिस को बताया कि आमाहिनौता रोड पर उनका नया मकान बना है। बीती रात करीब 10 बजे वे अपने भाई अनिल और भाभी समीक्षा के साथ मकान में ताला लगाकर अपने पैतृक गांव तेवर चले गए थे। अगले दिन की सुबह जब वे वापस लौटे, तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखी सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा करीब 80 हजार रुपये नकद गायब थे।
मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसते और चोरी कर भागते हुए नजर आ रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
