हैदराबाद, 14 मार्च (वार्ता) उरुग्वे ने शनिवार को पांचवें / छठवें स्थान के लिये खेले गये मुकाबले में वेल्स को 3-0 से हराकर एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालिफायर 2026 में पांचवां स्थान पक्का कर लिया। वहीं ऑस्ट्रिया ने दक्षिण कोरिया को शूटआउट में हराकर सातवां स्थान हासिल किया। आज यहां जी. एम. सी. बालयोगी हॉकी ग्राउंड (गाचीबॉवली हॉकी कॉम्प्लेक्स) में उरुग्वे ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पांचवें / छठवें स्थान के लिये खेले गये मुकाबले में वेल्स को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया। उरुग्वे के लिए टेरेसा वियाना ने (23वें), मैग्डालेना वेर्गा ने (36वें) और लूपे कुरुत्चागुए ने (57वें) मिनट में गोल किए।
दिन के एक अन्य मैच में ऑस्ट्रिया ने सातवें और आठवें स्थान के लिये खेले गये मुकाबले में दक्षिण कोरिया पर 1-1 से ड्रा के बाद शूटआउट में (2-1) से जीत के साथ सातवां स्थान हासिल किया। ऑस्ट्रिया के लिए क्रिस्टीन वुकोविच ने (तीसरे) मिनट में गोल किया, जबकि कप्तान ली यूरी ने (31वें) मिनट में दक्षिण कोरिया को बराबरी पर ला दिया। शूटआउट में दोनों गोलकीपरों का प्रदर्शन असाधारण रहा, लेकिन यह माइकला स्ट्रेब थीं जिन्होंने ऑस्ट्रिया की जीत सुनिश्चित की, और कार्ला केम्पर ने अपनी टीम के लिए विजयी गोल किया।

