
नई दिल्ली, 13 मार्च (वार्ता) देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि का बोझा यात्रियों के साथ साझा करने का निर्णय करते हुए अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज लागू करने की घोषणा की है जो गंतव्य के हिसाब से 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक होगा। इंडिगो की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार नया ईंधन शुल्क 14 मार्च ( शुक्रवार आधी रात के बाद) यानी शनिवार आधी रात 00:01 बजे से प्रभावी होगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह कदम पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण ईंधन कीमतों में तेज़ बढ़ोतरी के चलते उठाया गया है।
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) की विमान ईंधन निगरानी रिपोर्ट के मुताबक भारतीय क्षेत्र में जेट ईंधन 85 प्रतिशत से भी अधिक महंगा हो गया है। कंपनी ने कहा है, ‘ईंधन कीमतों में इस वृद्धि के पूरे असर को संतुलित करने के लिए किरायों में काफी बड़ा बदलाव करना पड़ता, लेकिन यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ को ध्यान में रखते हुए इंडिगो ने तुलनात्मक रूप से कम ईंधन शुल्क लागू करने का फैसला किया है।’ विभिन्न मार्गों पर इंडिगो के ईंधन शुल्क की दरें (रुपये में) इस प्रकार हैं: भारत के भीतर घरेलू उड़ानें 425 रुपये भारतीय उपमहाद्वीप क्षेत्र में 425 रुपये, पश्चिम एशिया 900 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन 1800 रुपये, अफ्रीका और पश्चिम एशिया 1800 रुपये तथा यूरोप 2300 रुपये। एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे उचित बदलाव करेगी।
