सौसर: क्षेत्र में हिंसक वन्यप्राणियों का मूवमेंट थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को रामाकोना क्षेत्र में तेंदुए ने एक बार फिर दस्तक देते हुए दो बकरियों को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से ग्रामीणों और किसानों में भारी दहशत का माहौल है।
मवेशियों के कोठे में घुसकर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामाकोना के सीतापार रोड पर स्थित भगवान सिंह ठाकुर के खेत में तेंदुए ने हमला बोल दिया। यहाँ तेंदुए ने दो बकरियों को अपना निशाना बनाया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। रामाकोना बीट प्रभारी मालवीय ने घटनास्थल के निरीक्षण के बाद तेंदुए के होने की पुष्टि की है।
लगातार बढ़ रही हैं घटनाएँ
गौरतलब है कि क्षेत्र में हिंसक वन्यजीवों की सक्रियता पिछले कुछ समय से काफी बढ़ गई है। करीब एक सप्ताह पूर्व ही ग्राम बाना बाकोड़ा में एक किसान पर भी वन्यप्राणी ने हमला किया था।
वन विभाग ने जारी की एडवायजरी
सौसर उपवन मंडल अधिकारी प्रमोद कुमार चोपड़े ने बताया कि वन विभाग की टीम वन्यप्राणियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है। ग्रामीणों और किसानों से अपील है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और सतर्क रहें। यदि कहीं भी हिंसक वन्यप्राणी की हलचल दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय वन अमले को दे।
