रणदीप हुड्डा के घर आई खुशियां, पत्नी लिन लैशराम ने बेटी को जन्म दिया, फैंस और सेलेब्स दे रहे बधाई

रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम के घर खुशियों ने दस्तक दी है। लिन ने 10 मार्च 2026 को एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया। खास बात यह है कि इसी दिन रणदीप के पिता का जन्मदिन भी है।

बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा के घर खुशियों ने दस्तक दी है। अभिनेता पहली बार पिता बने हैं। उनकी पत्नी और मॉडल लिन लैशराम ने मंगलवार, 10 मार्च 2026 को एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया। खास बात यह है कि इसी दिन रणदीप के पिता रणबीर सिंह हुड्डा का जन्मदिन भी है, जिससे यह दिन उनके परिवार के लिए और भी खास बन गया है।

रणदीप हुड्डा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इस खुशखबरी को फैंस के साथ साझा किया। उन्होंने दो तस्वीरें पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में उनके पिता अपनी नन्ही पोती को गोद में लिए नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में नवजात बेटी के छोटे से हाथ की झलक दिखाई दे रही है। इन तस्वीरों के साथ रणदीप ने एक भावुक संदेश भी लिखा।

रणदीप हुड्डा ने कही ये बात

रणदीप हुड्डा ने अपने पिता के लिए लिखा कि आज जब वह खुद पिता बने हैं, तो उन्हें अपने पिता की अहमियत और भी ज्यादा समझ में आ रही है। साथ ही उन्होंने अपनी पत्नी लिन लैशराम को उन्हें पिता बनाने और उनकी बेटी को इस दुनिया में लाने के लिए धन्यवाद कहा। रणदीप ने पोस्ट में लिखा कि आज जब मैं खुद पिता बना हूं, पापा, तो आपके लिए मेरा सम्मान और भी बढ़ गया है। और लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी सी बिटिया को दुनिया में लाने के लिए शुक्रिया। एक छोटी सी लड़की और पूरी जिंदगी का प्यार।

फैंस और सेलेब्स ने दी बधाई

जैसे ही रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने सोशल मीडिया पर यह खुशखबरी साझा की, फैंस और फिल्मी सितारों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। अभिनेत्री तारा शर्मा सलूजा ने कमेंट करते हुए लिखा कि दोनों को और पूरे परिवार को ढेर सारी बधाई और प्यार। वहीं अभिनेता दर्शन कुमार ने भी रणदीप और लिन को इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं और उनकी बेटी के लिए खुशियों और सफलता की कामना की।

2023 में हुई थी शादी

रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 29 नवंबर 2023 को शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों की शादी काफी चर्चा में रही थी। दिलचस्प बात यह रही कि हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले रणदीप ने शादी के लिए अपनी पत्नी के गृह राज्य जाकर पारंपरिक मणिपुरी रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया था।

Next Post

मोदी केरल, तमिलनाडु में 16,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास

Wed Mar 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल और तमिलनाडु का दौरा करेंगे तथा दोनों राज्यों में विकास और कल्याण की लगभग 16,450 करोड़ रुपये की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह कुछ नयी रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखा कर शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री […]

You May Like