नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में मंगलवार को 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही और यह 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया।
पिछले कारोबारी दिवस की बड़ी तेजी के बाद आज कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 10.49 प्रतिशत टूटकर 88.58 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिकी वेस्ट टेक्सस क्रूड 11.10 प्रतिशत उतरकर 84.25 डॉलर प्रति बैरल बोला गया।
इससे पहले सोमवार को कच्चा तेल बीच कारोबार में 119 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया था।
अमेरिका और इजरायल द्वारा 28 फरवरी को एक संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान पर किये गये हमले के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। ईरान पर हमले और उसकी जवाबी प्रतिक्रिया के कारण पश्चिम एशिया में इन दोनों गंभीर भू-राजनीतिक संकट पैदा हो गया है। इससे कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति और उत्पादन दोनों बाधित हुए हैं।
पश्चिम एशिया संघर्ष से पहले ब्रेंट क्रूड वायदा 72 डॉलर प्रति बैरल पर था।
