
परासिया। नगर की शांत फिजा उस समय भंग हो गई जब मुस्लिम समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। शाम की नमाज के बाद मस्जिद में हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों और तलवारों की झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों से लगभग आधा दर्जन युवक घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर की नमाज के दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया था, जो शाम तक बढ़कर गंभीर झगड़े का रूप ले बैठा। रोजा इफ्तार के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और तलवारें चलने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सीय परीक्षण (मुलाहजा) करवाते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जाता है कि थाने में भी दोनों पक्षों के लोग आपस में विवाद करने लगे, जिसके चलते पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
