इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र में विवाद सुलझाने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया. बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी और सीमेंट के ब्लॉक से सिर पर हमला कर घायल कर दिया.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि 19 वर्षीय फरियादी अनुज कुमार तिवारी निवासी बाबू मुराई कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, उसने बताया कि चब वह घर से घूमने निकला था, इसी दौरान शक्ति नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास आशु अमोले और उसका एक साथी आपस में विवाद कर रहे थे.
फरियादी ने दोनों को समझाकर विवाद शांत कराने की कोशिश की. इस पर आरोपियों ने उसे गालियां देना शुरू कर दीं. विरोध करने पर आशु अमोले ने अपने साथी आनंद कदम और राज अमोले को बुला लिया. इसके बाद सभी ने मिलकर फरियादी के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। मारपीट के दौरान आशु और राज ने उसे पकड़ लिया, जबकि आनंद कदम ने पास में पड़ा सीमेंट का ब्लॉक उठाकर उसके सिर के पीछे दाहिनी तरफ मार दिया, जिससे उसे चोट लगने के साथ खून निकल आया. पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
