
सिंगरौली। जिले में राजस्व प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर गौरव बैनल ने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के कार्यों में फेरबदल करते हुए नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत जिले के सात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के अनुसार नागेश्वर प्रसाद पनिका को तहसीलदार बरगवां से स्थानांतरित कर तहसीलदार चितरंगी पदस्थ किया गया है। वहीं जानव्ही शुक्ला को तहसीलदार सिंगरौली से तहसीलदार माड़ा की जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार ऋषि नारायण सिंह को तहसीलदार चितरंगी से स्थानांतरित कर तहसीलदार देवसर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा प्रीति सिकरवार नायब तहसीलदार को खुटार वृत्त के साथ प्रभारी तहसीलदार सिंगरौली बनाया गया है। दीपेन्द्र सिंह तिवारी को नायब तहसीलदार से प्रभारी तहसीलदार बरगवां की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सुनील दत्त मिश्रा को नायब तहसीलदार माड़ा से स्थानांतरित कर कलेक्ट्रेट कार्यालय सिंगरौली में पदस्थ किया गया है। इसी क्रम में कमलेश कुमार मिश्रा को नायब तहसीलदार देवसर वृत्त खड़ौरा से तहसील दुधमनिया वृत्त नौढ़िया में पदस्थ किया गया है।
