नयी दिल्ली, (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय से बात की और पश्चिम एशिया में बदलते सुरक्षा हालात पर गहरी चिंता जतायी और इलाके में शांति और स्थिरता के लिए नयी दिल्ली के समर्थन को फिर से सुनिश्चित किया।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में बढ़ते तनाव के बीच उन्होंने किंग अब्दुल्ला द्वितीय से टेलीफोन पर बात की।
श्री मोदी ने कहा, ”जॉर्डन के किंग, हिज़ मैजेस्टी किंग अब्दुल्ला द्वितीय से बात की। इलाके में बदलते हालात पर अपनी गहरी चिंता बतायी।” उन्होंने तनाव कम करने की भारत की लगातार अपील को दोहराते हुए कहा, ”हम शांति, सुरक्षा और जॉर्डन के लोगों की भलाई के लिए अपने समर्थन को फिर से पक्का करते हैं।”
प्रधानमंत्री ने मौजूदा संकट के दौरान देश में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जॉर्डन के नेतृत्व का भी शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा, ”मैंने इस मुश्किल समय में जॉर्डन में भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।”
भारत और जॉर्डन के बीच व्यापार, रक्षा, शिक्षा और सांस्कृतिक लेन-देन में सहयोग के साथ गहरे और ऐतिहासिक रूप से दोस्ताना रिश्ते हैं।
जॉर्डन में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय रहता है, जिनमें से कई स्वास्थ्य देखभाल , निर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे सेक्टर में काम करते हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सऊदी अरब के शहजादे प्रिंस मोहदम्मद बिन सलमान और बहरीन के राजा हम्द बिन ईसा अल खलीफा के साथ बात कर कहा कि भारत इन देशों पर हमलों की निंदा करता है और क्षेत्र में शीघ्र शांति और स्थिरता की बहाली का पक्षधर है।
श्री मोदी ने दोनों नेताओं के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने इन नेताओं के साथ पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों को दिये गये समर्थन तथा देखभाल के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा,” पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस एवं प्रधानमंत्री, प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ चर्चा हुई। भारत सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करते हुए हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा करता है। हमने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि क्षेत्र में शीघ्र शांति और स्थिरता की बहाली अत्यंत आवश्यक है। इन कठिन समय में भारतीय समुदाय के कल्याण का ध्यान रखने के लिए मैंने उनका आभार व्यक्त किया।”
बहरीन के राजा के साथ हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “बहरीन के राजा हम्द बिन ईसा अल खलीफा के साथ टेलिफोन पर सार्थक वार्ता हुई। भारत बहरीन पर हुए हमलों की निंदा करता है और इस कठिन समय में उसके लोगों के साथ एकजुटता प्रकट करता है। बहरीन में भारतीय समुदाय को दिये गये निरंतर समर्थन के लिए मैंने उनका धन्यवाद किया।”
उल्लेखनीय है कि ईरान पर अमेरिका तथा इजरायल के संयुक्त हमलों के जवाब में ईरान की ओर से पश्चिम एशियाई देशों में अमेरिकी ठिकानों तथा अन्य जगहों पर एक साथ हमले किये गये हैं। पिछले तीन दिन से जारी इन हमलों के कारण क्षेत्र में जान माल का भारी नुकसान हुआ है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रह रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा है कि सरकार इनकी सुरक्षा के लिए इन देशों की सरकारों के साथ निरंतर संपर्क बनाये हुए है।
श्री मोदी ने इससे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू तथा संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति से भी बात की है।
