इंदौर: शहर के कागदीपुरा क्षेत्र स्थित मस्जिद के बाहर रविवार को शिया समाज ने इजरायल और अमेरिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. काले झंडे लेकर जुटे समाजजनों ने नारेबाजी की, सुप्रीम लीडर की हत्या पर तीन दिन का शोक घोषित किया और केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की.प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधि मोहम्मद आशिक, सलमान हैदर और सैयद सबदर अली ने मीडिया के समक्ष अपने विचार रखे.
सलमान हैदर ने कहा, “आज हमारे लिए बहुत बड़ा ग़म का दिन है. हमारे सुप्रीम लीडर की हत्या की गई है. हम इस घटना से आहत हैं और तीन दिन तक शोक मनाएंगे. जबकि सैयद सबदर अली ने इसे आतंकी हमला बताते हुए कहा, यह एक आतंकी कृत्य है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं. हमारे लीडर की शहादत पर हम शोक मना रहे हैं. अमेरिका और इजरायल की भूमिका पर गंभीर सवाल हैं.
मोहम्मद आशिक ने कहा, यह घटनाक्रम पूरी तरह गलत है. हम रक्षा मंत्री से मांग करते हैं कि अमेरिका से आने वाली वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया जाए. इतने बड़े मामले पर अब तक स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है. यदि यह मामला हमारे हाथ में होता तो हम अमेरिका को जवाब देने से पीछे नहीं हटते. प्रदर्शन के दौरान “इजरायल मुर्दाबाद” और “अमेरिका मुर्दाबाद” के नारे लगाए. कार्यक्रम के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, हालांकि वक्ताओं के तीखे बयानों से कुछ देर के लिए माहौल गर्म रहा. समाज के प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार से इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ा विरोध दर्ज कराने की मांग की है.
