पल्लेकेले 28 फरवरी (वार्ता) साहिबजादा फरहान (100) और फखर जमां (82) विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने शनिवार को टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 213 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान और फखर जमां की सलामी जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 176 रन जोड़े। 16वें ओवर में दुशमंता चमीरा ने फखर जमां को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। फखर जमां ने 42 गेंदों में नौ चौके और चार छक्के लगाते हुए 82 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में दिलशान मदुशंका ने ख्वाजा नफे (दो) को अपना शिकार बना लिया। 18वें ओवर में शादाब खान (नौ) रनआउट हुये। अगले ओवर की दूसरी गेंद पर दसून शानका ने मोहम्मद नवाज और चौथी गेंद पर कप्तान आगा सलमान को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया।
20वें ओवर की पहली गेंद पर दिलशान मदुशंका ने साहिबजादा फरहान आउट कर दिया। साहिबजादा फरहान ने 60 गेंदों में नौ चौके और पांच छक्के लगाते हुए 100 रन बनाये। पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में तीन विकेट गंवाये। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 212 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका के लिये दिलशान मदुशंका ने तीन विकेट लिये। दसून शानका को दो विकेट मिले। दशमंता चमीरा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
