हरिद्वार, 26 फ़रवरी (वार्ता) उत्तराखंड के हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में ज्वालापुर निवासी एक मुस्लिम फेरीवाले के साथ कथित रूप से धार्मिक आधार पर अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वालापुर के कस्साबान निवासी शान मोहम्मद फेरी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आरोप है कि कनखल क्षेत्र में सामान बेचते समय एक युवक ने उन्हें रोककर नाम-पता पूछा। नाम बताने पर युवक ने कथित तौर पर स्वयं को एक हिंदूवादी संगठन से जुड़ा बताते हुए गाली-गलौच की और क्षेत्र से तुरंत चले जाने की धमकी दी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक फेरीवाले के साथ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते और धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ज्वालापुर क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय में रोष व्याप्त है। कुछ स्थानीय युवक पीड़ित के साथ कनखल थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी।
इस संबंध में कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र रावत ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तथ्यों की पुष्टि के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और किसी भी व्यक्ति के साथ धर्म के आधार पर अभद्र व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस वीडियो की पड़ताल और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ में जुटी है।
