नयी दिल्ली, 22 फरवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ दालों में भी तेजी रही। गेहूं की कीमत लगभग स्थिर रही। चीनी में साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गयी जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 83 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 3,836 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,858 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटा 13 रुपये गिरकर 3,328 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
बीते सप्ताह खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा। सोया तेल की औसत कीमत 22 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। पाम ऑयल में 145 रुपये और सूरजमुखी तेल में 100 रुपये की गिरावट रही। मूंगफली तेल 99 रुपये सस्ता हुआ। सरसों तेल 56 रुपये और वनस्पति 53 रुपये फिसल गया। सप्ताह के दौरान तुअर दाल औसतन 79 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। उड़द दाल 64 रुपये और चना दाल 46 रुपये मजबूत हुई। मसूर दाल की कीमत 38 रुपये और मूंग दाल की 20 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी।
मीठे के बाजार में सप्ताह के दौरान गुड़ के औसत भाव लगभग स्थिर रहे। वहीं, चीनी 14 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
