जेपी जिला अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग: मरीजों को सुरक्षित निकाला गया, धुआं फैलने से बिगड़ी सुरक्षा गार्ड की तबीयत

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित जय प्रकाश जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ओपीडी ब्लॉक की पहली मंजिल पर स्थित एक कक्ष में लगी, जहां सिरिंज, सैंपल कलेक्शन उपकरण और अन्य सर्जिकल सामग्री रखी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12:15 बजे कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही देर में आग में बदल गया। प्लास्टिक और सर्जिकल सामग्री जलने से काला धुआं पूरे ओपीडी ब्लॉक में फैल गया, जिससे मरीजों और परिजनों में घबराहट फैल गई। अस्पताल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी और मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

सुरक्षा में लगे गार्ड ने बताया कि कमरे पर ताला लगा होने के कारण चाबी मिलने में समय लग रहा था। ऐसे में उन्होंने ताला तोड़कर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब आठ कंटेनर उपयोग करने के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान धुएं के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा। उनकी स्थिति अब स्थिर बताई गई है।

अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना देने के लगभग 30 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया गया कि जिस वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हुआ, उसके पास ज्वलनशील सामग्री रखी थी, जिससे आग तेजी से फैली। अस्पताल की पुरानी वायरिंग और फायर सेफ्टी सिस्टम के बंद होने को भी घटना का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन मौके पर पहुंचे और फायर सेफ्टी प्रणाली को पुनः चालू कराने के निर्देश दिए। मामले की जांच जारी है।

Next Post

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Wed Feb 18 , 2026
शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिरियाटोला में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का फर्जी नियुक्तिपत्र देकर डेढ़ लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार झिरियाटोला निवासी साधना पटेल और मायावती सिंह से रामचरित द्विवेदी और अनुराग द्विवेदी […]

You May Like

Play sound