इंदौर: आज़ादनगर थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट के माध्यम से कोलकाता भेजी गई चॉकलेट की बड़ी खेप रास्ते में गायब हो गई। पीड़ित कंपनी संचालक की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक और ट्रांसपोर्ट एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 34 वर्षीय योगेश हिंदुजा निवासी सिल्वर स्प्रिंग, एबी रोड तेजाजी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने अपनी कंपनी की चॉकलेट के 75 बॉक्स यूनाइटेड इंडस्ट्रीज, पालदा रोड से सरस्वती प्रोडक्ट, कोलकाता भेजने के लिए इंडियन रोड कैरियर ट्रांसपोर्ट के जरिए बुक कराए थे।
ट्रांसपोर्ट एजेंट मोहम्मद हसीब के माध्यम से ट्रक नम्बर आरजे 18 जीबी 2317 में 63 बॉक्स लोड किए गए। एजेंट ने चालक के रूप में संदीप प्रसाद को भेजने की जानकारी दी थी। निर्धारित समय पर ट्रक के कोलकाता नहीं पहुंचने पर योगेश ने ट्रांसपोर्ट एजेंट से संपर्क किया, जिसने चालक से बात करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगे। इसके बाद पीड़ित को माल हड़पने की आशंका हुई और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर ट्रक, चालक और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
